स्कॉर्पियो की टक्कर से ई-रिक्शा चालक की मौत, कार चालक मौके से फरार

हापुड़ के बाबूगढ़ में किठौर मार्ग पर एक स्कॉर्पियो ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने हापुड़-किठौर मार्ग पर जाम लगाकर स्कॉर्पियो में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। ग्रामीणों ने शराब के ठेके पर शराब पीने वालों पर तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ में थाना क्षेत्र के किठौर रोड स्थित सरावनी गांव में रविवार की शाम को शराब के ठेके के पास स्कॉर्पियो कार और ई-रिक्शा की जोरदार टक्कर हो गई। इसमें ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके बाद चालक कार को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में गुस्साई भीड़ ने हापुड़-किठौर मार्ग पर जाम लगा दिया। साथ ही आरोपित की कार में आग लगा दी। सूचना पर मौके पर तीन थानों का पुलिस बल पहुंच गया। साथ ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। साथ ही दमकल विभाग की टीम ने कार की आग को बुझाया।



