अमरोहा में भीषण सड़क हादसा: चार छात्रों की दर्दनाक मौत, विश्वविद्यालय में शोक की लहर

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के चार छात्रों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रजबपुर थाना क्षेत्र में डीवीआर रेस्टोरेंट के सामने दिल्ली-मुरादाबाद हाईवे पर रात करीब 10:15 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिल्ली से मुरादाबाद की ओर तेज रफ्तार में जा रही एक कार आगे चल रही डीसीएम में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों छात्र कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
धमाके की आवाज से मचा हड़कंप, ग्रामीण पहुंचे मौके पर
हादसे के बाद जोरदार धमाके की आवाज सुनकर अतरासी गांव के ग्रामीण और राहगीर दौड़कर मौके पर पहुंचे। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और उसमें चारों युवक फंसे हुए थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर सर्किल ऑफिसर अभिषेक यादव और थाना प्रभारी कोमल तोमर पुलिस बल के साथ पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद कार को कटवाकर शवों को बाहर निकाला गया।
प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान श्री वेंक्टेश्वरा विश्वविद्यालय के छात्रों के रूप में हुई है। मृतकों के नाम इस प्रकार हैं:
- अर्णव चक्रवर्ती
- आयूश शर्मा
- श्रेष्ठ पंचोली
- शप्त ऋषि
चारों छात्र एक ही कार में सवार होकर मुरादाबाद की ओर जा रहे थे। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रतिकुलाधिपति मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। छात्रों के परिजनों को सूचना दी जा रही है। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।
अत्यधिक तेज गति बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार बेहद तेज थी, जिस कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डीसीएम में जा घुसी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दुर्घटना के समय चालक नशे में तो नहीं था।
शहर में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे अमरोहा जिले और विश्वविद्यालय परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है। छात्रों की असमय मौत से परिजन बेसुध हैं और साथी छात्र गहरे सदमे में हैं।



