मामूली एक्सीडेंट का खौफनाक अंजाम: बेंगलुरु में युवक की कार से कुचलकर हत्या

बेंगलुरु में एक मामूली सड़क हादसे ने भयावह रूप ले लिया, जब कार सवार दंपती ने कथित रूप से बदला लेने के लिए एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। यह घटना 25 अक्तूबर की रात करीब 11:30 बजे पुट्टेनहल्ली थाना क्षेत्र में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी दंपती ने बाइक सवार दो युवकों का लगभग दो किलोमीटर तक पीछा किया और जानबूझकर टक्कर मारी। इस घटना में 24 वर्षीय डिलीवरी कर्मी दर्शन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी वरुण गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में भर्ती है।
शुरुआत में जे.पी. नगर ट्रैफिक पुलिस ने इसे एक सामान्य सड़क दुर्घटना मानते हुए मामला दर्ज किया था, लेकिन सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया कि यह एक सुनियोजित हमला था। दक्षिण क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त लोकेश जगलासर के अनुसार, जांच में पाया गया कि बाइक ने गलती से कार को छू लिया था, जिससे कार का साइड मिरर टूट गया। इससे गुस्साए कार चालक ने वाहन को रिवर्स किया, दोनों युवकों का पीछा किया और तेज रफ्तार में टक्कर मार दी।
घटना के बाद आरोपी — जो एक शारीरिक शिक्षा शिक्षक (पीटी टीचर) बताया जा रहा है — अपनी पत्नी के साथ नकाब पहनकर घटनास्थल पर लौटा और कार के टूटे हिस्से समेट लिए ताकि सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस ने दंपती के खिलाफ हत्या और सबूत नष्ट करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।



