मणिपुर : सुरक्षाबलों और उग्रवादीयो की मुठभेड़, 11 उग्रवादी ढेर, भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मणिपुर में सुरक्षाबलों ने बोरोबेक्रा सबडिवीजन जिरीबाम के जकुराधोर करोंग में 11 उग्रवादियों को ढेर किया। इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हो गया है। मणिपुर पिछले करीब डेढ़ साल से हिंसा की मार झेल रहा है। इस बीच सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों पर एक्शन लिया है, जिसमें कई उग्रवादियों के मारे गए हैं। इससे पहले मणिपुर के पहाड़ी और घाटी जिलों में पिछले तीन दिनों के भीतर तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने कई हथियार, गोलाबारूद एवं आईईडी जब्त किए हैं। असम राइफल्स ने सोमवार को एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
बयान में कहा गया है कि असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस की एक संयुक्त टीम ने चुराचांदपुर जिले के एल खोनोमफाई गांव से सटे जंगल में एक अभियान के दौरान एक .303 राइफल, दो नौ एमएम पिस्तौल, छह 12 सिंगल बैरल राइफल, एक .22 राइफल, गोला-बारूद और अन्य युद्ध संबंधी सामान जब्त किया। कांगपोकपी जिले के एस चौंगौबंग और माओहिंग के बीच संयुक्त टीम द्वारा एक अन्य अभियान में एक 5.56 मिमी इंसास राइफल, एक प्वाइंट 303 राइफल, दो एसबीबीएल बंदूकें, दो 0.22 पिस्तौल, दो इंप्रोवाइज्ड प्रोजेक्टाइल लांचर, ग्रेनेड, गोला-बारूद भी जब्त किया गया।
असम राइफल्स, मणिपुर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की एक संयुक्त टीम ने रविवार को काकचिंग जिले के उटांगपोकपी के सामान्य क्षेत्र में हथियार तथा गोला-बारूद बरामद करने के लिए एक खुफिया-आधारित अभियान शुरू किया, जिसके दौरान एक 0.22 राइफल, गोला-बारूद और अन्य युद्ध संबंधी सामान जब्त किया गया। जब्त सामान मणिपुर पुलिस को सौंप दिया गया है।



