नागपुर के 18 नामचीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; 31 अगस्त को लेकर पुलिस अलर्ट

धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा; एहतियातन स्कूलों में छुट्टी, पुलिस टीमों ने शुरू की जांच
नागपुर : नागपुर के 18 नामचीन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर है। ई-मेल में खास तौर पर 31 अगस्त का जिक्र होने के चलते सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। एहतियात के तौर पर आज संबंधित स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।
धमकी भरा ई-मेल सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित स्कूलों में जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीमें स्कूल परिसरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रही हैं और पूरे परिसर की जांच की जा रही है।

स्कूल प्रशासन की ओर से भी एहतियाती कदम उठाए गए हैं। विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। वहीं, पुलिस की ओर से धमकी भरे ई-मेल की विश्वसनीयता और इसके पीछे के व्यक्ति या समूह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
इस पूरे मामले को लेकर हमने कई स्कूलों की शिक्षिकाओं और स्कूल प्रशासन से बातचीत की, साथ ही शांतिनगर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक से भी जानकारी ली। स्कूलों को मिली धमकी के बाद क्या स्थिति है, पुलिस ने क्या कदम उठाए हैं और स्कूल प्रशासन की ओर से क्या सावधानियां बरती जा रही हैं, इसकी पूरी जानकारी हमारी खास रिपोर्ट में देखिए।

फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और 18 स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जा रही है।



