असम के गुवाहाटी में एक प्रमुख व्यावसायिक इमारत में आग लगी

गुवाहाटी : असम के गुवाहाटी में भारतीय स्टेट बैंक के कई कार्यालयों वाले एक व्यावसायिक परिसर में भीषण आग लग गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दमकलकर्मी 15 घंटे से अधिक समय से आग बुझाने की कोशिश कर रहे हैं।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया कि अब तक एक दमकलकर्मी को मामूली चोट आई है।
उन्होंने कहा, “आधी रात के करीब एबीसी प्वाइंट स्थित ‘स्वागत स्क्वायर’ परिसर में आग लग गई। हमारे कर्मियों ने सूचना मिलते ही कार्रवाई की और 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गए। हम आग को फैलने से रोकने में कामयाब रहे।’
इस बहुमंजिला इमारत में एसबीआई का जोनल ऑफिस, वाणिज्यिक शाखा और प्रीमियम बैंकिंग शाखा के अलावा एक शॉपिंग मॉल भी स्थित है।
उन्होंने कहा, “आग मॉल की दूसरी मंजिल पर स्थित गोदाम में लगी। चूंकि वहां काफी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री और कपड़े रखे थे इसलिए आग ने भीषण रूप ले लिया। हमने इमारत के बाकी हिस्सों में आग पर काबू पा लिया है, हालांकि गोदाम के एक कोने में आग अब भी भड़क रही है।’
अधिकारी ने कहा, ‘हमने इस अभियान में 22 दमकल गाड़ियां लगाई हैं। हमें वायुसेना, भारतीय सेना और गुवाहाटी रिफाइनरी से भी तुरंत सहयोग मिला।’



