शॉर्टकट बना मौत का रास्ता: जालौन में भीषण हादसे में 2 नाबालिग समेत 3 दोस्तों की मौत

जालौन जिले के सिरसा कलार थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो नाबालिग समेत तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों युवक भंडारे से लौट रहे थे, तभी उनकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। थाना प्रभारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
यह भीषण हादसा भंडारे से लौटते समय हादसा हुआ। हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक हंथना बुजुर्ग गांव के निवासी थे। जिसमे अंशुमान परिहार (18), अंकित साकवार (17), और कृष्ण कुमार विश्वकर्मा (17) शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम तीनों युवक गधेला गांव में आयोजित 11 कुंडीय यज्ञ-भागवत कथा के भंडारे में शामिल होने गए थे। लौटते समय जल्दी घर पहुंचने के लिए उन्होंने मुख्य सड़क के बजाय कच्चे रास्ते का शॉर्टकट चुना। इसी दौरान कच्चे रास्ते में बने गहरे गड्ढे और खंदक में बाइक उछल गई और अनियंत्रित होकर सीधे बिजली के पोल से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी भीषण कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक दूर जा गिरे। हादसे के समय किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उनकी चोटें और भी गंभीर हो गईं। रास्ता सुनसान होने के कारण तीनों युवक काफी देर तक लहूलुहान हालत में पड़े तड़पते रहे। कुछ समय बाद भंडारे से लौट रहे ग्रामीणों ने चीख-पुकार सुनी और मौके पर पहुंचकर ग्राम प्रधान को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। तीन युवकों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।



