Accident NewsIndia NewsLatest News

घने कोहरे ने ली 4 जानें: यमुना एक्सप्रेस-वे पर 6 बसों और 2 कारों की भीषण टक्कर, 150 से ज्यादा घायल

उत्तर भारत में कड़ाके की सर्दी के साथ घना कोहरा अब जानलेवा साबित हो रहा है। मंगलवार देर रात करीब 2 बजे मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा से नोएडा जा रही 6 बसें और 2 कारें घने कोहरे में आपस में टकरा गईं। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 150 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।

हादसा थाना बलदेव क्षेत्र के गांव खड़ेहरा के पास, माइल स्टोन 125 के निकट हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहनों में आग लग गई। आग लगते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों ने बसों से कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ यात्रियों के आग की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और आपातकालीन राहत टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को 20 से अधिक एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद आगरा-नोएडा लेन पूरी तरह जाम हो गई, जिससे घंटों यातायात प्रभावित रहा।

प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घना कोहरा और सीमित दृश्यता इस भीषण दुर्घटना का मुख्य कारण माने जा रहे हैं। मथुरा के डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया।

एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि चार यात्रियों की आग में जलकर मौत हो गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि कोहरे के चलते यमुना एक्सप्रेस-वे से बचकर गुजरें और यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतें। राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button