अजित पवार की मौत के बाद सियासत तेज: सुप्रिया सुले ने रोहित पवार को सुरक्षा देने की मांग की

Nationalist Congress Party (Sharad Pawar) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने गुरुवार (19 फरवरी 2026) को महाराष्ट्र सरकार से मांग की कि उनकी पार्टी के विधायक रोहित पवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।
यह मांग उपमुख्यमंत्री अजित पवार की हाल ही में हुई विमान दुर्घटना में मौत के बाद उठे सवालों और राजनीतिक हलचल के बीच की गई है।
बारामती विमान दुर्घटना से मचा था हड़कंप
28 जनवरी 2026 को बारामती (जिला पुणे) में हुए विमान हादसे में अजित पवार समेत चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे महाराष्ट्र में शोक और स्तब्धता का माहौल पैदा कर दिया था।
सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस हादसे ने राज्य को झकझोर कर रख दिया है और अभी भी लोग गहरे सदमे में हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर कई तरह के सवाल और शंकाएं उठाई जा रही हैं।
“रोहित पवार तथ्यात्मक और शोधपूर्ण तरीके से उठा रहे मुद्दे”
सुले ने अपने बयान में कहा कि रोहित पवार इस पूरे मामले में तथ्य, मुद्दों और सवालों को शोधपूर्ण और विचारपूर्ण तरीके से सामने रख रहे हैं, जो जनता की भावनाओं को प्रतिबिंबित करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील माहौल में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।
राजनीतिक हलकों में बढ़ी हलचल
अजित पवार की असामयिक मौत के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जहां एक ओर शोक का माहौल है, वहीं दूसरी ओर हादसे को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों और सोशल मीडिया पर चर्चाएं जारी हैं।
अब देखने वाली बात होगी कि महाराष्ट्र सरकार रोहित पवार को सुरक्षा देने की मांग पर क्या निर्णय लेती है।



