citynewsLatest NewsMaharashtraNagpur

नागपुर में मेयर कप को लेकर प्रेस ब्रीफिंग, यूथ फुटबॉल और स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा

ग्रासरूट फुटबॉल को मजबूत करने पर जोर; स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय अकादमियों तक पहुंचाने की दिशा में पहल

नागपुर, प्रतिनिधि : नागपुर में Aai Foundation की ओर से आयोजित मेयर कप को लेकर रविवार, 4 अक्टूबर को रामदासपेठ स्थित होटल सेंटर प्वाइंट में मीडिया इंटरैक्शन और प्रेस ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान नागपुर में यूथ फुटबॉल को बढ़ावा देने, स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की अकादमियों तक पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में नागपुर की महापौर नीता ठाकरे, मिनर्वा अकादमी के संस्थापक एवं गेस्ट ऑफ ऑनर रंजीत बजाज, Aai Foundation के संस्थापक और पूर्व NMC खेल समिति अध्यक्ष नागेश सहारे, वरिष्ठ फुटबॉल प्रशासक एवं ग्रासरूट स्पोर्ट्स आयोजक अब्दुल रफीक तथा प्रोफेशनल फुटबॉल अकादमियों से जुड़े अतुल पंडित मौजूद रहे।

प्रेस ब्रीफिंग का मुख्य उद्देश्य भारतीय यूथ फुटबॉल के विकास के साथ-साथ खिलाड़ियों की स्काउटिंग व्यवस्था को मजबूत करना और नागपुर जैसे क्षेत्रीय शहरों में मौजूद फुटबॉल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना रहा।

मिनर्वा अकादमी के संस्थापक रंजीत बजाज ने ग्रासरूट स्तर पर खिलाड़ियों के विकास की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने स्काउटिंग सिस्टम को मजबूत करने और स्थानीय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एलीट रेजिडेंशियल फुटबॉल अकादमियों तक पहुंचाने के महत्व पर चर्चा की।

वहीं, महापौर नीता ठाकरे के साथ नागपुर शहर में खेल मैदानों की उपलब्धता, खेल सुविधाओं, इंफ्रास्ट्रक्चर और युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने में नगर निगम की भूमिका को लेकर चर्चा की गई।

Aai Foundation के संस्थापक नागेश सहारे ने मेयर कप के आयोजन के पीछे की सोच की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों को नियमित और प्रतिस्पर्धी मैच खेलने का अवसर उपलब्ध कराना तथा भविष्य में नागपुर में ग्रासरूट फुटबॉल को मजबूत करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

वरिष्ठ फुटबॉल प्रशासक अब्दुल रफीक ने टूर्नामेंट में टीमों की भागीदारी और स्थानीय क्लबों एवं खिलाड़ियों की प्रतिक्रिया को लेकर जानकारी साझा की। वहीं अतुल पंडित ने नागपुर और विदर्भ क्षेत्र में मौजूद फुटबॉल प्रतिभाओं तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर की अकादमियों में एक्सपोजर दिलाने के महत्व पर अपनी बात रखी।

आयोजकों के अनुसार, मेयर कप के माध्यम से नागपुर में युवाओं के लिए नियमित और प्रतिस्पर्धी फुटबॉल का मंच तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button