
सुपोषित बालक, सुदृढ़ भारत’ के संकल्प के साथ मशाल रैली; महिला और बालिकाओं ने दिया पोषण जागरूकता का संदेश
वर्धा : जिले के अलीपुर में बच्चों में कुपोषण की समस्या को दूर करने और स्वस्थ एवं सुदृढ़ समाज के निर्माण के उद्देश्य से ‘मशाल जलाएं, घर-घर सुपोषण पहुंचाएं’ अभियान के तहत जनजागरूकता मशाल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में गांव की महिलाओं, आंगनवाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं, बचत समूह की महिलाओं और स्कूली छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया।

रैली के दौरान ‘पोषण हर किसी का हक’, ‘संतुलित आहार-स्वस्थ जीवन’, ‘स्वस्थ मां-स्वस्थ बच्चा’, ‘पोषण यानी प्रगति’ और ‘चलो सुपोषण की ओर एक कदम’ जैसे संदेशों वाले बैनर और घोषणाओं के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
इस अभियान के माध्यम से गर्भवती और स्तनपान कराने वाली माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने, बच्चों के उचित शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित आहार उपलब्ध कराने तथा परिवारों में पोषण संबंधी अच्छी आदतें विकसित करने का संदेश दिया गया। घर-घर जाकर सुपोषण के महत्व की जानकारी देने का संकल्प भी इस दौरान लिया गया।

‘स्वस्थ बच्चे, स्वस्थ गांव, समृद्ध भारत’ और ‘सुपोषण ही सच्ची समृद्धि का दर्शन है’ जैसे संदेशों के साथ ग्रामीणों से भी इस अभियान में सक्रिय सहभाग लेने का आह्वान किया गया।
मशाल रैली में गांव के प्रतिष्ठित नागरिकों के साथ आंगनवाड़ी सेविका और मदतनीसों ने भी बड़ी संख्या में सहभाग लिया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच नितीन चंदनखेड़े, पूर्व ग्राम पंचायत सदस्य सतीश काळे, उज्वला बोरकर, आंगनवाड़ी सेविकाएं और मदतनीस उपस्थित थे। आयोजन के माध्यम से पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कुपोषण मुक्त गांव की दिशा में सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया।



