बुलढाणा में कब्रिस्तान की बेअदबी पर बवाल, दो युवक गिरफ्तारसांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश नाकाम, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला तनाव

बुलढाणा
बुलढाणा शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब मलकापुर रोड स्थित एक कब्रिस्तान में दो युवकों द्वारा आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने का मामला सामने आया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया और देर रात सैकड़ों की संख्या में नागरिक संबंधित थाने पर पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज रिसोडकर और ओम फाटे (दोनों उम्र 19 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोप है कि दोनों युवकों ने कब्रिस्तान परिसर में अश्लील और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई। इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
वीडियो वायरल होते ही स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
मलकापुर रोड इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
थानेदार ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अप्रमाणित सामग्री साझा करने से बचें। पुलिस ने यह भी चेतावनी दी है कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल शहर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्रशासन सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए सतर्क है। मामले की जांच जारी है।



