Accident NewsIndia NewsLatest News

दिल्ली मेट्रो स्टाफ क्वार्टर में भीषण आग, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में स्थित दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) के स्टाफ क्वार्टर में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। पांचवीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जलकर मौत हो गई। मृतकों में पति, पत्नी और उनकी 10 वर्षीय मासूम बेटी शामिल हैं।

दमकल विभाग के अनुसार, आग लगने की सूचना रात करीब 2:39 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत छह दमकल गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। अधिकारियों ने बताया कि आग फ्लैट के एक कमरे में रखे घरेलू सामान से शुरू हुई और देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।

कड़ी मशक्कत के बाद जब दमकल कर्मी कमरे के भीतर दाखिल हुए, तो वहां तीन लोगों के शव बुरी तरह जली अवस्था में बरामद हुए। पुलिस ने मृतकों की पहचान 42 वर्षीय व्यक्ती अजय**, उनकी पत्नी 38 वर्षीय नीलम और उनकी बेटी जान्हवी (10 वर्ष) के रूप में की है।

दमकल विभाग ने करीब सुबह 6:40 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान बचाव अभियान में शामिल एक फायरकर्मी राकेश भी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे DMRC स्टाफ क्वार्टर परिसर में शोक की लहर दौड़ गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button