Accident NewsIndia NewsLatest News

अलवर में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, पिकअप में आग लगने से तीन की जिंदा जलकर मौत, चालक गंभीर

अलवर (राजस्थान): – राजस्थान के अलवर जिले में बुधवार तड़के दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रैणी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे के चैनल नंबर 131.5 के पास पिकअप वाहन की टक्कर के बाद उसमें भीषण आग लग गई। हादसे में पिकअप सवार तीन लोगों की जिंदा जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक हादसा बुधवार तड़के करीब 3 बजे हुआ। दिल्ली से जयपुर की ओर जा रही पिकअप किसी अन्य वाहन से टकरा गई, जिसके बाद वाहन में आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि पिकअप में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

हादसे में मोहित (निवासी बहादुरगढ़, हरियाणा), दीपेंद्र (निवासी सागर, मध्यप्रदेश) और पदम (निवासी सागर, मध्यप्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, पिकअप चालक हन्नी (निवासी झज्जर, हरियाणा) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही रैणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के बाद शवों को बाहर निकालकर मोर्चरी में भिजवाया। पुलिस ने वाहन नंबरों के आधार पर मृतकों की पहचान की और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। यह हादसा एक्सप्रेस-वे पर लगातार बढ़ते सड़क हादसों और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button