दिनदहाड़े ज्वैलरी शॉप से 20 लाख के गहने गायब, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात – पुलिस जुटी जांच में

झज्जर शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सिटी और सदर थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित राधेश्याम ज्वैलर्स की दुकान में दिनदहाड़े लाखों रुपये के सोने के जेवरात चोरी हो गए। वारदात इतनी सफाई से अंजाम दी गई कि दुकानदार को शाम तक चोरी का पता तक नहीं चला।
दुकानदार राधेश्याम के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1 बजे एक महिला और एक युवक दुकान पर पहुंचे। महिला ने चांदी के गहने देखने की बात कही जबकि युवक बार-बार अलग-अलग डिज़ाइन दिखाने का अनुरोध करता रहा। जैसे ही दुकानदार ऊपरी शेल्फ से सामान निकालने के लिए ऊपर देखने लगा, युवक ने सामने रखे सोने के गहनों के डिब्बे को महिला को थमा दिया और दोनों बड़ी सहजता से दुकान से बाहर निकल गए।
कुछ ही मिनटों में दोनों एक ई-रिक्शा में सवार होकर मुख्य सड़क की ओर रवाना हो गए। चोरी का खुलासा तब हुआ जब शाम को दुकानदार ने गहनों की गिनती की और पाया कि सोने के गहनों से भरा पूरा डिब्बा गायब है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हुई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि युवक बड़ी चालाकी से महिला साथी की मदद से गहनों का डिब्बा उठाता है और दोनों बिना किसी हड़बड़ी के दुकान से निकल जाते हैं।
चोरी हुए गहनों की अनुमानित कीमत 15 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है। दुकानदार ने तत्काल पुलिस को शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज सौंपा।
पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। जब मीडिया ने पुलिस अधिकारियों से बयान लेने की कोशिश की तो उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया।
गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस आयुक्त डॉ. राजश्री ने जिलेभर के ज्वैलर्स के साथ बैठक कर उन्हें चोरी की बढ़ती घटनाओं के प्रति सतर्क रहने और दुकानों में अतिरिक्त सुरक्षा इंतज़ाम करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद शहर के बीचोंबीच इस तरह की वारदात ने पुलिस की चौकसी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस घटना के बाद झज्जर के *व्यापारिक संगठनों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि सिटी एरिया में लगातार छोटे-बड़े अपराध बढ़ रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस से रात-दिन गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी करने की मांग की है।



