वर्धा LCB की बड़ी कार्रवाई; 1 किलो 23 ग्राम गांजे के साथ आरोपी गिरफ्तार

पल्सर बाइक से गांजा ले जाते पकड़ा गया आरोपी; पुलिस ने 1.71 लाख रुपये का माल जब्त किया
वर्धा | प्रतिनिधि सतीश काळे : नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वर्धा स्थानीय अपराध शाखा यानी LCB ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 1 किलो 23 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। कार्रवाई में बाइक और मोबाइल समेत कुल 1 लाख 71 हजार 150 रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल के आदेश पर नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान LCB को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पल्सर बाइक क्रमांक MH 40 DD 6222 से गांजा लेकर जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने केलझर उड़ानपुल के बोगदे के नीचे सर्विस रोड पर जाल बिछाया। यहां संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी लेने पर पुलिस को गांजा बरामद होने का दावा है।
भाई और मामा के साथ मिलकर तस्करी का आरोप
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजयसिंह उर्फ सुखा किसनसिंह बावरी, निवासी केलझर के रूप में हुई है।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने अपने भाई भोलासिंह बावरी के साथ मिलकर गांजा बेचने का काम करने की जानकारी दी है। पुलिस के मुताबिक, गांजा गगनसिंह दुधानी, निवासी रायपुर, हिंगणा, नागपुर से लाए जाने की बात भी पूछताछ में सामने आई है।
पुलिस ने गांजा, पल्सर बाइक और मोबाइल फोन समेत कुल 1 लाख 71 हजार 150 रुपये का माल जब्त किया है।
तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
इस मामले में अजयसिंह बावरी, भोलासिंह बावरी और गगनसिंह दुधानी के खिलाफ सेलू पुलिस थाने में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल और अपर पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे के मार्गदर्शन में LCB के PI विनोद चौधरी, PSI आशीषसिंह ठाकुर, PSI सिंकुमार बानोत और पुलिस टीम ने की।
पुलिस अब गांजा तस्करी के इस नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है।



