राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि पर भव्य रक्तदान शिविर

सावनेर में 55 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान; विश्व बंधुत्व और मानव सेवा का दिया संदेश
सावनेर | संवाददाता
राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सावनेर में विश्व बंधुत्व रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी सावनेर सेवा केंद्र के सभागृह में आयोजित इस शिविर में कुल 55 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर सावनेर केंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सुरेखा दीदी, भारतीय जनता पार्टी के नागपुर जिला उपाध्यक्ष रामराव मोवाडे, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की सावनेर शाखा अध्यक्ष डॉ. स्मिता भुडे, डॉ. शिवम पुण्याणी, सावनेर तालुका मराठी पत्रकार संघ के अध्यक्ष किशोर ढुंढेले, समाजसेवी सतीश भुडे तथा हेडगेवार ब्लड बैंक के चिकित्सक प्रमुखता से उपस्थित रहे।
आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में इंसानियत, विश्व बंधुत्व और रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा। ‘रक्तदान ही जीवनदान है’ की भावना के साथ अधिक से अधिक नागरिकों को रक्तदान के माध्यम से सामाजिक दायित्व निभाने का संदेश दिया गया।
ब्रह्माकुमारी सावनेर सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी सुरेखा दीदी ने युवाओं के साथ-साथ समाज के नागरिकों से स्वेच्छा से रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद की जा सकती है और मानव सेवा में अपना योगदान दिया जा सकता है।
राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर के साथ भव्य ब्रह्मभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद का लाभ लिया।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी सुनीता दीदी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन प्रियंका दीदी ने किया। आयोजन की सफलता के लिए ब्रह्माकुमारी शिमला सिंह दीदी, भाई विनोद मोरे और भाई अनिल ढवळे सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने परिश्रम किया।
संवाददाता — किशोर ढुंढेले, सावनेर



