राजस्थान के भिवाड़ी में फैक्ट्री में लगी आग, जिंदा जले 7 मजदूर, दो अब भी फंसे; राहत और बचाव कार्य जारी

राजस्थान के अलवर जिला के भिवाड़ी स्थित खुश्केड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को एक बंद पड़ी फैक्ट्री में भयानक आग लग गई. इस दुर्घटना में कम से कम सात लोगों की जलकर मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में 10 श्रमिकों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है. दमकल विभाग आग पर काबू करने में लगा हुआ है.
प्राइमरी रिपोर्ट्स के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र खुशखेड़ा में G-1, 118 में स्थित यह फैक्ट्री कई महीनों से बंद थी. इसमें बड़ी मात्रा में कार्डबोर्ड (गत्ते) का भंडार रखा हुआ था. सुबह करीब 9.30 बजे फैक्ट्री के अंदर से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीन से चार जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आशंका है कि फैक्ट्री के अंदर रखे गैस सिलेंडरों में विस्फोट होने के कारण ये धमाके हुए. हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है.
आग लगने के दौरान फैक्ट्री में 20-25 लोग काम कर रहे थे. कुछ मजदूर किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे. हालांकि, कुछ फंस गए. घटनास्थल से 7 छत-विछत शव बरामद किए गए हैं. मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने इस हादसे में लोगों की जान जाने पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट सुमित्रा पारीक ने बताया, ‘इस घटना में सात लोगों की मौत हो चुकी है। यह परिसर कागजों में एक गारमेंट फैक्ट्री के नाम पर था, लेकिन इसके भीतर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था.’ उन्होंने कहा कि हादसे के समय फैक्ट्री में दो लोग फंसे रह गए. उन्होंने बताया कि नियमित गश्त के दौरान पुलिस को इस घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तुरंत बचाव अभियान शुरू किया गया. घटना की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला समेत जिला प्रशासन और पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. जिला कलेक्टर ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं.



