घना कोहरा और जहरीली हवा: दिल्ली में जनजीवन अस्त-व्यस्त, 129 फ्लाइट्स रद्द

सर्दियों की शुरुआत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली एक बार फिर घने कोहरे और गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में आ गई है। शनिवार सुबह राजधानी के कई इलाकों में दृश्यता लगभग शून्य तक पहुंच गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
सबसे ज्यादा असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर देखने को मिला। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने 66 आगमन और 63 प्रस्थान उड़ानों को रद्द कर दिया। कुल 129 फ्लाइट्स के कैंसिल होने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई अन्य उड़ानें देरी से संचालित हुईं या फिर डायवर्ट करनी पड़ीं।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक घने कोहरे की स्थिति बने रहने की चेतावनी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस जरूर जांच लें और गैर-जरूरी यात्रा से बचें।
इधर, राजधानी की हवा भी बेहद चिंताजनक स्थिति में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB), दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) और IMD के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के लगभग सभी इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।
पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार (435), आनंद विहार (434) और आईटीओ (437) में प्रदूषण का स्तर सबसे ज्यादा रहा। वहीं रोहिणी (421), वजीरपुर (424), जहांगीरपुरी (428) और पंजाबी बाग (417) में भी हवा सांस लेने के लिए बेहद नुकसानदायक पाई गई।
सुबह 10 बजे तक राजधानी में दृश्यता बेहद कम रिकॉर्ड की गई। सफदरजंग इलाके में न्यूनतम विजिबिलिटी सिर्फ 200 मीटर रही, जबकि पालम क्षेत्र में यह 350 मीटर दर्ज की गई। कम दृश्यता और खराब हवा के चलते आने वाले दिनों में भी सड़क, रेल और हवाई यातायात पर असर बने रहने की आशंका है।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, मास्क का उपयोग करने और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।



