शिमला में प्राइवेट बस दुर्घटनाग्रस्त: टायर पंक्चर के बाद पहाड़ी से टकराई बस, कई यात्री घायल

शिमला जिले में एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। शिमला से चिड़गांव जा रही न्यू प्रेम बस कुफरी और छराबड़ा के बीच अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में करीब 20 यात्री सवार थे।
मिली जानकारी के अनुसार बस का पिछला टायर लगभग एक किलोमीटर पहले पंक्चर हो गया था, लेकिन इसके बावजूद चालक बस चलाता रहा। कुछ ही दूरी पर बस अनियंत्रित हो गई और सीधे पहाड़ी से जा टकराई। हादसे के बाद बस के अंदर बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दुर्घटना में बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में रेफर किया गया है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण टायर पंक्चर के बाद भी बस चलाना बताया जा रहा है।



