Accident NewsIndia NewsLatest News

ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक सड़क हादसा: ड्यूटी से लौट रहे भाई-बहन की मौत, अज्ञात वाहन फरार

उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर अंतर्गत ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। बिसाहड़ा फाटक के पास दादरी रोड स्थित चद्दर फैक्ट्री के निकट तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नवीन कुमार (35 वर्ष) और उनकी बहन प्रियांशी (18 वर्ष) पुत्री राकेश कुमार, निवासी ग्राम प्यावली, ताजपुर, थाना जारचा के रूप में हुई है। दोनों शनिवार देर शाम ड्यूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही जारचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने बताया कि फरार अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दादरी रोड पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button