International NewsLatest News

प्रधानमंत्री मोदी को इथियोपिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत-इथियोपिया साझेदारी को नई मजबूती

अदीस अबाबा – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मंगलवार को इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’ से सम्मानित किया। अदीस अबाबा स्थित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में आयोजित विशेष समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी यह प्रतिष्ठित सम्मान पाने वाले पहले वैश्विक नेता बने हैं।

सम्मान स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने इसे अपने लिए गर्व का क्षण बताते हुए भारत के 140 करोड़ नागरिकों को समर्पित किया। उन्होंने इथियोपिया की जनता और प्रधानमंत्री अबी अहमद के प्रति आभार व्यक्त किया। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-इथियोपिया साझेदारी को सशक्त बनाने और वैश्विक मंच पर दूरदर्शी नेतृत्व के लिए यह सम्मान दिया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इथियोपिया के बीच हजारों वर्षों से संपर्क, संवाद और सांस्कृतिक आदान-प्रदान रहा है। दोनों देश विविधता में एकता के प्रतीक हैं और शांति व मानवता के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने दोनों देशों को ग्लोबल साउथ के प्रमुख साझेदार बताते हुए अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निरंतर सहयोग पर जोर दिया।

दोनों नेताओं के बीच अर्थव्यवस्था, नवाचार, प्रौद्योगिकी, रक्षा, स्वास्थ्य और क्षमता निर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में समर्थन के लिए इथियोपियाई नेतृत्व का आभार भी जताया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी जॉर्डन पहुंचे, जहां 37 वर्षों बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पूर्ण द्विपक्षीय दौरा हुआ। पीएम मोदी और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय के बीच आतंकवाद के खिलाफ सहयोग, गाजा संकट, क्षेत्रीय शांति और आर्थिक साझेदारी पर व्यापक वार्ता हुई। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 5 अरब डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य तय किया। वर्ष 2024 में भारत-जॉर्डन व्यापार 2.8 अरब डॉलर रहा। बैठक के बाद स्वच्छ ऊर्जा, जल प्रबंधन, संस्कृति और डिजिटल नवाचार से जुड़े पांच समझौतों पर हस्ताक्षर हुए, साथ ही नवीकरणीय और परमाणु ऊर्जा सहयोग पर भी चर्चा हुई।

इथियोपिया पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का ग्रीन कारपेट स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री अबी अहमद स्वयं एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। होटल जाते समय उन्होंने पीएम मोदी को विज्ञान संग्रहालय और मित्रता पार्क दिखाया। इस अवसर पर आयोजित कॉफी समारोह में इथियोपिया की पारंपरिक कॉफी संस्कृति की झलक भी देखने को मिली।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button