ब्राजील में तूफान का कहर: तेज आंधी और तूफान की चपेट में आकर गिरी ‘स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी’ की 114 फीट ऊंची मूर्ति

ब्राजील के गुआइबा शहर में सोमवार, 15 दिसंबर 2025 की दोपहर आए भीषण तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज आंधी और तूफानी हवाओं की चपेट में आकर अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित प्रसिद्ध स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की 114 फीट ऊंची मूर्ति अचानक भरभराकर गिर पड़ी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
यह विशाल प्रतिकृति गुआइबा में हावन कंपनी के एक बड़े रिटेल स्टोर की पार्किंग में, एक फास्ट-फूड आउटलेट के पास स्थापित की गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाएं सीधे मूर्ति से टकराईं। कुछ ही पलों में लगभग सात मंजिला ऊंचाई वाली यह संरचना संतुलन खो बैठी और जमीन पर आ गिरी। गिरते ही मूर्ति का सिर कई टुकड़ों में टूट गया, जिससे आसपास का इलाका क्षतिग्रस्त नजर आया।
घटना के वक्त पार्किंग एरिया में कई वाहन मौजूद थे, लेकिन समय रहते लोगों की सतर्कता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई के चलते सभी वाहन हटा लिए गए। इसी वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तूफानी हवाओं के बीच मूर्ति को गिरते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद यह घटना अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गई है।
हावन कंपनी की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, मूर्ति की कुल ऊंचाई 114 फीट थी, जिसमें से 78 फीट का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, 36 फीट ऊंचा आधार, जिस पर मूर्ति स्थापित थी, सुरक्षित बना हुआ है।
स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, ब्राजील में हावन कंपनी के कई स्टोर्स के बाहर इस तरह की स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की प्रतिकृतियां लगाई गई हैं। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और तूफान से हुए अन्य नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।



