India NewsLatest NewsWeather Report

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, दक्षिण भारत में चक्रवात ‘दितवाह’ का कहर

नई दिल्ली/चेन्नई: उत्तर भारत में दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड का प्रकोप तेज़ हो गया है। कई राज्यों में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि सुबह और रात के समय घने कोहरे ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। वहीं दूसरी ओर, दक्षिण भारत के कई राज्य चक्रवात दितवाह के प्रभाव से मूसलाधार बारिश का सामना कर रहे हैं।

कश्मीर में बर्फबारी, कई इलाकों में शून्य से नीचे तापमान

पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है। कश्मीर के कई हिस्सों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। कड़ाके की ठंड से बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। ठंड के कारण दृश्यता भी प्रभावित हो रही है और ठिठुरन बढ़ गई है।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ प्रदूषण का संकट

दिल्ली-एनसीआर में ठंड के साथ-साथ गंभीर वायु प्रदूषण भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक मंगलवार को मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। राजधानी में फिलहाल बारिश की उम्मीद नहीं है, लेकिन तापमान में हल्की गिरावट जारी रह सकती है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

यूपी में 2 और 3 दिसंबर को तापमान में बड़ी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 2 और 3 दिसंबर को तापमान में उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिल सकती है। मंगलवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने का अनुमान है, जबकि सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है।

दक्षिण भारत में चक्रवात ‘दितवाह’ का असर, चेन्नई में भारी बारिश

उत्तर भारत जहां ठंड की चपेट में है, वहीं दक्षिण भारत चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ से जूझ रहा है। यह चक्रवात श्रीलंका और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना था। श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद भले ही यह कमजोर पड़ा हो, लेकिन इसका असर चेन्नई और आसपास के जिलों में लगातार बारिश के रूप में देखा जा रहा है। सोमवार को हुई भारी बारिश से कई मुख्य सड़कें जलमग्न हो गईं, जगह-जगह पेड़ गिर गए और यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ। ग्रेटर चेन्नई कारपोरेशन ने निचले इलाकों में राहत कार्यों के लिए 103 नावें तैनात की हैं।

एनडीआरएफ-एसडीआरएफ अलर्ट पर

आपदा प्रबंधन के लिए एनडीआरएफ के 60 और एसडीआरएफ के 30 जवानों को तैनात किया गया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मंगलवार सुबह तक चेन्नई और तिरुवल्लुर जिलों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।

उड़ानें रद्द, स्कूलों में छुट्टी

खराब मौसम को देखते हुए चेन्नई हवाईअड्डा प्राधिकरण ने 10 उड़ानें रद्द कर दी हैं। इसके अलावा चेन्नई, चेंगलपट्टू और आसपास के कई जिलों में मंगलवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button