इंदौर MBA छात्रा हत्याकांड में बड़ा खुलासा; आरोपी पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में चौंकाने वाली बातें सामने

मध्यप्रदेश के इंदौर में MBA छात्रा हत्याकांड को लेकर जांच तेज हो गई है। मुख्य आरोपी पीयूष धमनोदिया को पुलिस रिमांड पर लेकर सख्त पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान कई हैरान करने वाले खुलासे सामने आए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, द्वारकापुरी थाना में पूछताछ के दौरान आरोपी ने सादा कागज मांगा और उस पर लिखा – “मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई… मैं उससे प्यार करता था… अब मुझे मरना है…” इतना ही नहीं, वह पुलिस से मृत छात्रा से मिलवाने की बात भी करता रहा, जिससे उसकी मानसिक स्थिति पर भी सवाल उठ रहे हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी आत्महत्या करने की नीयत से रेलवे ट्रैक पर पहुंचा था, लेकिन ट्रेन के सामने आने से पहले ही डर के कारण पटरी से हट गया।
पुलिस को यह भी पता चला है कि आरोपी मृतका की आत्मा से बात करने की कोशिश करना चाहता था और मोबाइल फोन पर टोने-टोटके से जुड़े वीडियो देखता था। इससे पहले अंधेरी थाना में भी उसने इसी तरह कागज पर लिखकर अपनी बात पुलिस को दी थी। जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि आरोपी ने यूट्यूब पर आत्महत्या के तरीके सर्च किए थे।
फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ ठोस और तकनीकी साक्ष्य जुटाने में लगी है। पूरे मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।
प्यार, जुनून और फिर हत्या—इंदौर का यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।



