BollywoodCrime NewsLatest News

मुंबई: जुहू में रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस

मुंबई के पॉश इलाके जुहू से शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर कई राउंड फायरिंग की। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। शुरुआती जांच के अनुसार, हमलावरों ने कम से कम चार गोलियां चलाईं। पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है।

मुंबई पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है और हर संभावित पहलू से जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और उनके मकसद का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। मुंबई पुलिस आयुक्त ने पुष्टि करते हुए कहा, बिल्डिंग के बाहर फायरिंग हुई है। हम सभी संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं और आरोपियों की पहचान के लिए प्रयास जारी हैं

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना धमकी, आपसी रंजिश या किसी अन्य कारण से हुई है।

घटना के बाद से रोहित शेट्टी या उनकी टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में नई जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल जुहू इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब मुंबई में किसी फिल्मी हस्ती के घर के बाहर फायरिंग हुई हो। साल 2024 में सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास पर भी दो हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं, जिसकी जिम्मेदारी बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। हालांकि, रोहित शेट्टी के घर पर हुई इस घटना को लेकर अभी तक किसी गैंग या संगठन का नाम सामने नहीं आया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button