Accident NewsIndia NewsLatest News

गणतंत्र दिवस पर कोलकाता में भीषण अग्निकांड, मोमो फैक्ट्री में 8 की मौत; गेट बाहर से बंद होने का आरोप

गणतंत्र दिवस के मौके पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। आनंदपुर थाना क्षेत्र के नाजीराबाद इलाके में स्थित एक मोमो फैक्ट्री और डेकोरेटर गोदाम में लगी भीषण आग में अब तक 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई कर्मचारियों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार देर रात फैक्ट्री में नाइट शिफ्ट चल रही थी। सोमवार तड़के करीब तीन बजे अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री परिसर में भारी मात्रा में मौजूद पाम ऑयल और रसोई गैस सिलेंडरों के कारण आग तेजी से फैली और कई जोरदार धमाके भी हुए।

आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की 12 गाड़ियां और एक हाइड्रोलिक लैडर मौके पर तैनात की गईं। हालांकि, संकरी गलियों, घने धुएं और लगातार हो रहे विस्फोटों के चलते राहत एवं बचाव कार्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना के करीब 11 घंटे बाद तक भी आग पूरी तरह बुझाई नहीं जा सकी थी।

इस हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस और दमकल विभाग ने लापता कर्मचारियों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है, लेकिन स्थानीय सूत्रों के अनुसार करीब छह लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।

घटना के बाद सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। लापता कर्मचारी पंकज हलदार के परिजनों का आरोप है कि पंकज ने रात करीब 3:30 बजे फोन कर बताया था कि फैक्ट्री का मुख्य गेट बाहर से बंद था और कर्मचारी दीवार तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसके कुछ देर बाद ही उसका फोन बंद हो गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने फैक्ट्री का गेट बाहर से बंद होने के आरोपों की जांच शुरू कर दी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो फैक्ट्री मालिकों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जा सकता है। फिलहाल फोरेंसिक टीम और रोबोटिक कैमरों की मदद से मलबे में फंसे या लापता लोगों की तलाश जारी है। राज्य के मंत्री अरूप बिस्वास भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले चुके हैं।

उधर, कोलकाता के मल्लिक बाजार इलाके में भी सोमवार को एक फ्लैट में आग लगने की घटना सामने आई, हालांकि वहां किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button