Accident NewsIndia NewsLatest News

डोडा में सेना का वाहन खाई में गिरा, 10 जवान शहीद, 7 घायल; देश में शोक की लहर

जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले से बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। गुरुवार को भारतीय सेना का एक बुलेट-प्रूफ वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा, इस भीषण सड़क हादसे में देश के 10 वीर जवान शहीद हो गए, जबकि 7 सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार यह हादसा डोडा जिले के भदरवाह सब-डिवीजन में भद्रवाह–चंबा इंटरस्टेट रोड पर खन्नी टॉप के पास हुआ। सेना का यह वाहन कुल 17 जवानों को लेकर एक ऊंची चौकी की ओर जा रहा था। रास्ते में खन्नी टॉप के पास अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया, जिससे गाड़ी करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे की जानकारी मिलते ही सेना और पुलिस की संयुक्त टीमों ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मौके से घायल जवानों को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल तीन सैनिकों को बेहतर उपचार के लिए उधमपुर स्थित मिलिट्री अस्पताल एयरलिफ्ट किया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज नजदीकी सैन्य चिकित्सालय में जारी है।

इस दर्दनाक हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को नमन किया और उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। उपराज्यपाल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है। साथ ही उन्होंने घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में तैनात जवानों के सामने मौजूद जोखिमों और उनकी निस्वार्थ सेवा को याद दिलाता है। देश अपने वीर सपूतों के बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button