India NewsLatest News

सोनिया गांधी नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

नई दिल्ली – कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को सोमवार शाम दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए भर्ती किया गया है और उनकी हालत पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

अस्पताल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी लंबे समय से खांसी की समस्या से जूझ रही हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियातन उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। फिलहाल उन्हें छाती रोग विशेषज्ञ (पल्मोनोलॉजिस्ट) की निगरानी में रखा गया है और आवश्यक चिकित्सकीय जांचें की जा रही हैं।

बताया जा रहा है कि दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण उनकी खांसी की समस्या समय-समय पर बढ़ जाती है। दिसंबर 2025 में सोनिया गांधी 79 वर्ष की हो चुकी हैं, ऐसे में डॉक्टर उनकी सेहत को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले 15 जून 2025 को भी सोनिया गांधी को पेट संबंधी परेशानी के चलते सर गंगाराम अस्पताल के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया था, जहां वे करीब तीन से चार दिन तक उपचाराधीन रहीं। इसके अलावा 7 जून 2025 को शिमला प्रवास के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद वे प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली लौटी थीं। 9 जून को अस्पताल में उनकी जांच कराई गई थी।

सोनिया गांधी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद कांग्रेस नेताओं और समर्थकों में चिंता का माहौल है। हालांकि, अस्पताल प्रशासन ने साफ किया है कि उनकी स्थिति सामान्य है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button