अनुपम खेर के लिए 2025 का शानदार समापन, अब लेखक के रूप में भी मिला बड़ा सम्मान

हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर के लिए साल 2025 का आखिरी महीना बेहद खास साबित हो रहा है। अभिनय के बाद अब लेखन के क्षेत्र में भी उन्होंने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी लिखी किताबों के लिए उन्हें ‘आउटस्टैंडिंग लिटरेरी कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया है।
इससे पहले उनकी फिल्म ‘तन्वी: द ग्रेट’ को इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ ऑस्ट्रेलिया में सम्मान मिल चुका है। ऐसे में यह साल अनुपम खेर के करियर के लिए कई मायनों में यादगार बन गया है।
सोशल मीडिया पर शेयर की खुशी
लेखक पुरस्कार मिलने के बाद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह अपनी नई ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं, साथ ही उन किताबों की झलक भी दिखाई है जिनके लिए उन्हें यह सम्मान मिला है।
अनुपम खेर को बेस्ट राइटर अवॉर्ड उनकी चर्चित किताबों
- द बेस्ट थिंग अबाउट यू इज यू
- डिफरेंट बट नो लेस
- लेसन्स लाइफ टॉट मी
के लिए दिया गया है। ये किताबें उनके जीवन के संघर्ष, अनुभव, सफलता और असफलताओं पर आधारित हैं।
“मैं हिंदी मीडियम का हूं” – अनुपम खेर
अपनी खुशी जाहिर करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, 2025 के लिए आउटस्टैंडिंग लिटरेरी कंट्रीब्यूशन अवॉर्ड से सम्मानित करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। इससे मुझे वाकई बहुत खास महसूस हो रहा है। मैं हिंदी मीडियम का हूं, आसान इंग्लिश में लिखता हूं और मेरी किताबें बेस्टसेलर हैं। उन्होंने आगे कहा, मेरी सभी किताबें मेरे जीवन के अनुभवों पर आधारित हैं – मेरी सफलताएं, मेरी असफलताएं और मेरा ‘कभी हार न मानने वाला’ दर्शन। शायद यही बात पाठकों को पसंद आई। अनुपम खेर ने इस उपलब्धि के लिए अपने पाठकों और पब्लिशर का दिल से आभार व्यक्त किया।
थिएटर में भी बिखेर रहे हैं जलवा
फिलहाल अनुपम खेर अपने आत्मकथात्मक नाटक ‘कुछ भी हो सकता है’ में व्यस्त हैं। यह नाटक देश के विभिन्न राज्यों और शहरों में मंचित किया जा रहा है। हाल ही में यह शो हैदराबाद थिएटर फेस्टिवल में आयोजित हुआ, जिसकी कुछ झलकियां भी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
आज भी थिएटर में उनकी दमदार एक्टिंग दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर रही है, जो उनके बहुआयामी टैलेंट का प्रमाण है।



