Crime NewsIndia NewsLatest News

जौनपुर डबल मर्डर केस: कलयुगी बेटे ने माता-पिता की बेरहमी से हत्या कर शव गोमती में फेंके, पुलिस सर्च ऑपरेशन जारी

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जनपद से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जफराबाद थाना क्षेत्र के अहमदपुर गांव में एक बी.टेक पास युवक ने अपने ही माता-पिता की नृशंस हत्या कर उनके शवों के टुकड़े कर गोमती नदी में फेंक दिए। इस सनसनीखेज घटना से पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।

मृतक दंपती की पहचान रेलवे से सेवानिवृत्त लोको पायलट श्याम बहादुर और उनकी पत्नी बबिता के रूप में हुई है। दोनों अपने तीन मंजिला मकान में रहते थे। उनका इकलौता बेटा अम्बेश, जो बी.टेक पास है और कोलकाता की एक कंपनी में क्वालिटी इंजीनियर के पद पर काम कर चुका है, इस जघन्य अपराध का आरोपी है।

प्रेम विवाह बना विवाद की जड़
पुलिस के अनुसार, अम्बेश ने करीब छह साल पहले कोलकाता की एक मुस्लिम महिला से प्रेम विवाह किया था, जिसे उसके माता-पिता स्वीकार नहीं कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव चल रहा था। माता-पिता चाहते थे कि अम्बेश पत्नी से तलाक ले ले। करीब छह महीने पहले अम्बेश जौनपुर आकर माता-पिता के साथ रहने लगा था।

पैसों के विवाद में मां-बाप की हत्या
एसपी सिटी के मुताबिक, 8 दिसंबर की शाम करीब 7 बजे अम्बेश और उसकी मां बबिता के बीच पैसों और पारिवारिक मुद्दों को लेकर विवाद हुआ। कहासुनी बढ़ने पर अम्बेश ने टेबल पर रखी लोहे की रॉड से मां के सिर पर हमला कर दिया। शोर सुनकर पिता श्याम बहादुर मौके पर पहुंचे और पुलिस को फोन करने लगे, जिस पर आरोपी ने उनके सिर पर भी रॉड से कई वार किए और बाद में रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी।

शवों के टुकड़े कर नदी में फेंके
हत्या के बाद आरोपी ने घर के बेसमेंट में सरिया काटने वाली मशीन से दोनों शवों के तीन-तीन टुकड़े किए। शवों को छिपाने के लिए सीमेंट की छह बोरियों में भरकर 9 दिसंबर की सुबह करीब 5 बजे स्विफ्ट डिजायर कार से बेलवा पुल पहुंचा और गोमती नदी में फेंक दिया। घर लौटने पर मां का कटा हुआ एक पैर छूट गया, जिसे बाद में सई नदी में फेंक दिया गया।

सबूत छिपाकर वाराणसी भागा आरोपी
आरोपी ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, आरी और माता-पिता के मोबाइल फोन घर की दूसरी मंजिल पर बालू में छिपा दिए। इसके बाद बहनों को गुमराह करने के लिए माता-पिता के बाहर जाने की बात कही और वाराणसी चला गया, जहां गंगा किनारे घूमता रहा।

गुमशुदगी से हुआ खुलासा
जब बहनों को माता-पिता और भाई से संपर्क नहीं हुआ तो उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ और सख्ती से पूछताछ करने पर अम्बेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

गोमती में सर्च ऑपरेशन जारी
एसपी सिटी ने बताया कि शवों की बरामदगी के लिए गोमती नदी में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस अभियान में 12 से अधिक नावें, 15 गोताखोर और पुलिस बल लगाया गया है। राजेपुर, बेलवा घाट और केराकतपुर क्षेत्र में करीब 15 किलोमीटर के दायरे में तलाशी ली जा रही है। अब तक एक बोरी बरामद हुई है, जबकि पांच की तलाश जारी है।

यह घटना न केवल रिश्तों को शर्मसार करने वाली है, बल्कि समाज को झकझोर देने वाला अपराध भी है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button