Crime NewsIndia NewsLatest News

अहमदाबाद के 7 प्रतिष्ठित स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस हाई अलर्ट पर

गुजरात की आर्थिक राजधानी अहमदाबाद में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर के सात नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिला। इस धमकी के बाद न केवल स्कूल प्रशासन, बल्कि पूरा पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया। अहमदाबाद के साथ-साथ पास के कलोल स्थित ‘आविष्कार स्कूल’ को भी इसी तरह की धमकी मिलने की सूचना है।

धमकी भरे ई-मेल जिन स्कूलों को प्राप्त हुए हैं, उनमें जेबर स्कूल, जायडस स्कूल, महाराजा अग्रसेन स्कूल, सीबीएसई डिवाइन चाइल्ड स्कूल, निर्माण स्कूल, जेम्स एंड जेनेसिस और डीएवी इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं। ई-मेल में स्पष्ट तौर पर दोपहर 1 बजकर 30 मिनट पर विस्फोट किए जाने की चेतावनी दी गई थी।

सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय हो गया और सभी प्रभावित स्कूलों में तुरंत सुरक्षा व राहत कार्य शुरू किए गए। एहतियातन स्कूल परिसरों में मौजूद सभी छात्र-छात्राओं और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया और बच्चों को घर भेज दिया गया।

मौके पर अहमदाबाद पुलिस के साथ बम निरोधक दस्ता (BDDS), डॉग स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड और एसओजी (SOG) की टीमें तैनात हैं, जो सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूलों के आसपास के 50 मीटर क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।

वेजलपुर स्थित जायडस स्कूल में स्थिति को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है, जहां दमकल विभाग की चार गाड़ियां, रेस्क्यू वैन और एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।

वहीं, साइबर क्राइम टीम धमकी भरे ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि यह किसी की शरारत है या फिर किसी गंभीर साजिश का हिस्सा। फिलहाल, सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button