थाने से 100 मीटर दूर खुलेआम सट्टा–जुआ! सरोज चौक पर अवैध धंधे का बड़ा खुलासा

अमरावती
अमरावती शहर के हृदयस्थल सरोज चौक पर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के सिटी कोतवाली पुलिस स्टेशन से महज 100 मीटर की दूरी पर खुलेआम सट्टा–मटका और जुए का अड्डा संचालित हो रहा है।
स्थानीय नागरिकों और वीडियो साक्ष्यों के अनुसार, दिनदहाड़े यहां सैकड़ों लोग पैसा दांव पर लगाते देखे जा सकते हैं। वीडियो में साफ तौर पर 40–50 लोग अड्डे पर मौजूद दिख रहे हैं। बावजूद इसके पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं होने की बातें सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस आने से पहले ही अड्डा खाली करा दिया जाता है और कार्रवाई केवल दिखावे के लिए होती है। इस वजह से इस अवैध गतिविधि पर रोक नहीं लग पा रही है।
शहर में चोरी, चेन स्नैचिंग और हत्या जैसे गंभीर अपराधों में इजाफा हो रहा है। ऐसे में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। अमरावती की जनता की निगाहें नए पुलिस आयुक्त पर हैं — क्या वह शहर को अपराध मुक्त बनाएंगे या सट्टा–जुए के ये अड्डे यूं ही चलते रहेंगे?
अमरावती से, सिटी न्यूज



