मध्यप्रदेश: सागर में ट्रेनी विमान हादसा, रनवे पर पलटने से पायलट गंभीर घायल

सागर (मप्र)। मध्यप्रदेश के सागर जिले में बुधवार सुबह ढाना हवाई पट्टी पर एक बड़ा विमान हादसा हुआ। प्रशिक्षण के दौरान एक ट्रेनी विमान लैंडिंग के वक्त अनियंत्रित होकर रनवे पर ही पलट गया। हादसे में विमान का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रेनी पायलट गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एयरलिफ्ट ऑपरेशन के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी समय हवाई पट्टी पर सड़क दुर्घटना में घायल एक पुलिस जवान को दूसरे विमान से एयरलिफ्ट किया जा रहा था। इसी बीच ट्रेनी विमान सामान्य लैंडिंग प्रक्रिया में था, तभी अचानक तकनीकी खराबी आने से उसका संतुलन बिगड़ गया और विमान जमीन से टकराकर पलट गया।
वीडियो वायरल, जांच शुरू
घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी, एटीसी टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और तत्काल बचाव अभियान चलाया। घायल पायलट को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में अस्पताल रेफर किया गया है।
किस वजह से दुर्घटना हुई इसके लिये जांच के आदेश दिये गये हैं. और इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। एटीसी और विमानन विभाग की संयुक्त टीम पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।



