Accident NewsIndia NewsLatest News

गुजरात के सूरत में राज टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग, 100 से अधिक फायर फाइटर्स ने किया बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन

गुजरात के सूरत शहर में बुधवार सुबह राज टेक्सटाइल मार्केट में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। मल्टी-स्टोरी कॉम्प्लेक्स की ग्राउंड फ्लोर से शुरू हुई यह आग देखते ही देखते आठवीं मंजिल तक फैल गई। हादसा इतना भयानक था कि कई दुकानों का माल पूरी तरह जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

सुबह 7:14 बजे फायर कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी मिली। आग की गंभीर स्थिति को देखते हुए मौके पर पहुंची शुरुआती टीमों ने तुरंत ब्रिगेड कॉल घोषित कर दिया। सूरत महानगरपालिका के चीफ फायर ऑफिसर बसंत पारिक के मुताबिक, आग इलेक्ट्रिकल डक्ट के ज़रिए तेजी से पूरी इमारत में फैल गई।

आग बुझाने के लिए शहर के 22 फायर स्टेशनों की टीमों को मौके पर भेजा गया। लगभग 100–125 फायर फाइटर्स ने अपनी जान जोखिम में डालकर इमारत के अंदर प्रवेश किया और करीब 3.5 घंटे तक लगातार फायर फाइटिंग ऑपरेशन चलाया। तीसरी, पांचवीं और आठवीं मंजिल पर फंसे धुएं और आग को काबू में करने के लिए दमकल विभाग को हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का सहारा लेना पड़ा।

शुरुआती जांच में आग की वजह इलेक्ट्रिकल वायरिंग में शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, जब तक मुख्य बिजली आपूर्ति बंद की गई, तब तक आग वायरिंग के माध्यम से तीन से चार मंजिलों तक फैल चुकी थी। दुकानों में रखे कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामान के कारण आग की लपटें और धुआं तेजी से फैला।

लंबे ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन फिलहाल पूरी इमारत को सुरक्षित घोषित नहीं किया गया है और दमकल विभाग स्थिति पर निगरानी बनाए हुए है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button