शूट-बूट पहन बराती बनकर आया… उड़ा ले गया ₹45 लाख के जेवरात-नकदी

प्रयागराज में जार्जटाउन थाना क्षेत्र स्थित पंखुरी गार्डन गेस्ट हाउस में शनिवार को आयोजित एक शादी समारोह में बड़ा चोरी कांड सामने आया है। रेलवे में इंजीनियर संजीव सिंह की बेटी की शादी के दौरान एक शातिर चोर ने करीब 45 लाख रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने परिवार और मेहमानों को भारी तनाव में डाल दिया और खुशी का माहौल अचानक चिंता में बदल गया।
घटना शनिवार देर शाम की है, जब शादी की रस्में चल रही थीं। समारोह में बड़ी संख्या में मेहमान आए हुए थे। इन्हीं मेहमानों के बीच एक ऐसा व्यक्ति भी मौजूद था जिसने खुद को बराती जैसा दिखाने के लिए शूट पहन रखा था। देखने में वह बिल्कुल शादी में आए सामान्य मेहमान जैसा लग रहा था, लेकिन उसकी नज़र कीमती सामान पर थी। परिवार को अंदेशा तक नहीं हुआ कि उनके बीच बैठा व्यक्ति एक पेशेवर चोर है।
बताया गया कि शीतल सिंह, जिनके पास जेवरात और नकदी से भरा बैग था, उन्होंने सामान को कुछ समय के लिए पास ही रख दिया और अपने रिश्तेदारों से बातचीत करने लगे। इसी दौरान मौका पाते ही शूटेड-बूटेड चोर बैग उठाकर वहां से गायब हो गया। चोरी का पता चलते ही समारोह में मौजूद सभी लोगों में हड़कंप मच गया। बैग की तलाश कई जगह की गई, लेकिन वह कहीं नहीं मिला।
कुछ देर बाद जार्जटाउन पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गेस्ट हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू किया। फुटेज में एक व्यक्ति साफ दिखाई दे रहा है, जो शूट पहनकर शादी में बैठा था और वही बैग ले जाकर बाहर निकलता हुआ दिख रहा है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर उसकी पहचान और लोकेशन का पता लगाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।
इस चोरी के बाद गेस्ट हाउस की सुरक्षा व्यवस्था और मेहमानों की सतर्कता पर भी सवाल उठे हैं। पीड़ित परिवार के मुताबिक शादी की तैयारी में लाखों रुपये खर्च हुए थे और इसी दौरान इतनी बड़ी चोरी होने से कार्यक्रम पर गहरा असर पड़ा। शादी में मौजूद कई लोग भी इस बात से परेशान रहे कि एक चोर इतने आराम से समारोह में घुसकर चोरी कर गया और किसी को पता भी नहीं चला।
पुलिस का कहना है कि आरोपी जल्द ही पकड़ा जाएगा, क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में उसके चेहरे के स्पष्ट दृश्य मौजूद हैं। जार्जटाउन थाना पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के क्षेत्र की भी फुटेज खंगाली जा रही है।



