रानीगंज में नकली तेल का भंडाफोड़, मोदी ऑयल मिल में अदाणी विल्मर टीम की छापेमारी

रानीगंज (आसनसोल-दुर्गापुर): – शुक्रवार रात करीब 9 बजे रानीगंज थाना पुलिस और अदाणी विल्मर ग्रुप की ईस्टर्न जोन लीगल टीम ने संयुक्त रूप से शहर के गिर्जापाड़ा स्थित मोदी ऑयल मिल में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने *फॉर्च्यून और *मास्टर किंग* ब्रांड के लेबल लगे 15 किलोग्राम वाले 102 टिन तेल जब्त किए।
अदाणी विल्मर की लीगल टीम के अधिकारी तोतन चक्रवर्ती ने बताया कि कंपनी को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि रानीगंज क्षेत्र में फॉर्च्यून और मास्टर किंग ब्रांड के नकली तेल की बिक्री की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की मदद से छापेमारी की गई। पुलिस ने सभी जब्त किए गए तेल के टिन रानीगंज थाना में जमा करा दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, तेल के नमूने लेबोरेटरी जांच के लिए भेजे जाएंगे, जिसके बाद मिल मालिक विनोद मोदी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के समय मिल मालिक मौके से अनुपस्थित थे। वहीं, मिल के कर्मचारी षष्ठीपद बनर्जी ने दावा किया कि वे बाजार से विभिन्न कंपनियों के खाली टिन खरीदकर उनमें अपनी ‘घानी’ के बने तेल को भरते हैं और उसे ‘मोदी हनुमान’ ब्रांड के नाम से बेचते हैं।
रानीगंज क्षेत्र कभी अपनी तेल मिलों के लिए प्रसिद्ध रहा है, लेकिन अब यहां कुछ ही मिलें बची हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, नामी कंपनियों के खाली टिन में लोकल तेल भरकर बेचने की यह पुरानी प्रथा रही है। यह पहली बार नहीं है जब रानीगंज में नकली या रीफिल्ड तेल की बिक्री का मामला सामने आया हो।



