Festival NewsIndia NewsLatest News

प्रधानमंत्री मोदी ने दी देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं, कहा – यह सादगी, संयम और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज से प्रारंभ हुए चार दिवसीय महापर्व छठ की देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति में सादगी, संयम और सामाजिक सद्भाव का अद्भुत प्रतीक है। शनिवार को ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, “नहाय-खाय के पावन अनुष्ठान के साथ आज से चार दिवसीय महापर्व छठ का शुभारंभ हो रहा है। बिहार सहित देशभर के श्रद्धालुओं को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। सभी व्रतियों को मेरा नमन और वंदन।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि छठ पर्व की पवित्रता और नियम-निष्ठा अतुलनीय है। उन्होंने लिखा कि इस अवसर पर घाटों पर जो दृश्य दिखाई देता है, वह पारिवारिक और सामाजिक एकता की प्रेरणा देता है। श्री मोदी ने कहा कि छठ पूजा अब विश्वभर में भारतवंशी परिवारों द्वारा बड़े उत्साह से मनाई जाती है। उन्होंने लिखा “मेरी कामना है कि छठी मइया सबको अपना भरपूर आशीर्वाद दें”

प्रधानमंत्री ने छठ महापर्व को आस्था, उपासना और प्रकृति प्रेम का संगम बताया। उन्होंने कहा कि इसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ-साथ प्रसाद में प्रकृति के विविध रंगों का समावेश होता है। उन्होंने यह भी कहा कि छठ के गीतों और धुनों में भक्ति और प्रकृति का अद्भुत भाव झलकता है। प्रधानमंत्री ने बताया कि कल ही उन्हें बेगूसराय जाने का अवसर मिला, जो प्रसिद्ध लोकगायिका शारदा सिन्हा का गृह नगर है। उन्होंने कहा कि शारदा सिन्हा और बिहार के कई लोक कलाकारों ने अपने गीतों से छठ के उत्सव को नई पहचान दी है।

प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट के साथ छठी मइया के कुछ गीत भी साझा किए और कहा कि “इन्हें सुनकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button