Accident NewsIndia NewsLatest News

हैदराबाद से बेंगलुरू जा रही बस में भीषण आग, 20 लोगों की मौत

हैदराबाद से बेंगलुरू जा रही एक निजी बस में शुक्रवार को एक दोपहिया वाहन से टक्कर के बाद आग लग गई, जिससे 20 लोगों की मौत हो गई। अधिकतर व्यक्तियों की मौत आग में झुलसने से हुई। यह जानकारी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि मृतकों में बाइक सवार भी शामिल है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल कुरनूल में चिन्नातेकुर के पास बस से टकरा कर उसके नीचे आ गई और उसका ईंधन टंकी का ढक्कन खुल गया। इस हादसे में कुछ शव इतने जल चुके थे कि उनकी पहचान नहीं हो पा रही थी, जिसके कारण अधिकारियों को मृतकों के डीएनए नमूने एकत्र करने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाना पड़ा। एक अधिकारी ने बताया कि कई यात्री इस दुर्घटना में बच नहीं पाए क्योंकि यह रात में उस समय हुई जब वे सो रहे थे।

कुरनूल रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) कोया प्रवीण ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अब तक जली हुई बस से 19 शव निकाले जा चुके हैं। बाइक सवार का शव मुर्दाघर में है।” उन्होंने कहा कि हताहतों और जीवित बचे लोगों की पूरी स्थिति, पूरी जांच और दुर्घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान के बाद ही सामने आएगी। पुलिस ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस का दरवाजा जाम हो गया और बस कुछ ही मिनट में पूरी तरह जल गई।

पुलिस ने बताया कि अधिकतर जीवित बचे लोगों की उम्र 25 से 35 साल के बीच है। जिला कलेक्टर ए. सिरी ने बताया कि बस में 41 लोग सवार थे, जिनमें चालक भी शामिल था। बस में सवार 41 लोगों में से 21 का पता लगा लिया गया है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में बच गए लोगों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। उन्होंने बताया कि कई यात्री इस हादसे के बाद बस से बाहर नहीं निकल पाये क्योंकि यह रात में हुआ जब वे सो रहे थे।

उन्होंने बताया कि बस का दरवाजा तुरंत नहीं खुला क्योंकि कुछ तार कट गए थे जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। सिरी ने बताया कि अधिकतर यात्री हैदराबाद के थे। अधिकारियों ने शुरू में कहा था कि बस पड़ोसी राज्य तेलंगाना के हैदराबाद जा रही थी। इस बीच, जले हुए शवों के डीएनए नमूने लेने के लिए चिकित्सा विशेषज्ञों की एक टीम मौके पर पहुंच गई है। डीआईजी ने कहा कि जिस बस में आग लगी, उसमें अग्नि नियंत्रण के कोई उपाय मौजूद नहीं थे, जिससे यात्रा के दौरान सुरक्षा अनुपालन और आपातकालीन तैयारियों में खामियों का पता चलता है।

इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मोदी ने अनुग्रह राशि की घोषणा भी की।

सरकार ने एक विज्ञप्ति में कहा कि मदद के लिए उसके अधिकारियों – एम श्रीरामचंद्र और ई चिट्टीबाबू से संपर्क किया जा सकता है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने भी इस दुखद घटना पर दुख व्यक्त किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button