नवी मुंबई में रहेजा रेजीडेंसी में भीषण आग, चार की मौत, दस घायल

नवी मुंबई के सेक्टर 14 स्थित MGM कॉम्प्लेक्स के रहेजा रेजीडेंसी में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आधी रात करीब 12:30 बजे लगी यह आग देखते ही देखते 10वीं से 12वीं मंजिल तक फैल गई। आग की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं, एक पुरुष और छह साल की बच्ची शामिल हैं। इस हादसे में दस लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों की हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आग का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद सुबह करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका। आग इतनी भीषण थी कि इमारत की ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले कई लोग फंस गए थे। राहत और बचाव कार्य देर रात तक चलता रहा। पुलिस और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



