दीपावली 2025: राष्ट्रपति मुर्मु और उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने देशवासियों को दी हार्दिक बधाई

नई दिल्ली, 20 अक्तूबर — राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने दीपावली की पूर्व संध्या पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संदेश में कहा, “दीपावली के पावन अवसर पर मैं भारत और दुनिया भर में सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। भारत के सबसे लोकप्रिय त्योहारों में से एक दीपावली बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाई जाती है। यह त्योहार अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।”
उन्होंने कहा कि दीपावली आपसी स्नेह और भाईचारे का संदेश देती है। इस दिन देवी लक्ष्मी की पूजा की जाती है, जो धन और समृद्धि की प्रतीक हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि यह त्योहार आत्म-चिंतन और आत्म-सुधार का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि दीपावली को सुरक्षित, जिम्मेदारीपूर्ण और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाएं। उन्होंने कामना की कि यह दीपावली सभी के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भी देश-विदेश में रहने वाले भारतीयों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “दीपावली बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की विजय का उत्सव है। यह त्योहार उदारता, दान और समावेशिता के मूल्यों को उजागर करता है, जब हम जरूरतमंदों और वंचित वर्गों के प्रति सहयोग और समर्थन साझा करते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “इस वर्ष जब हम दीपावली मना रहे हैं, आइए हम सभी नकारात्मकता और अधर्म को त्यागें तथा सकारात्मकता और धर्म को अपनाएं — न केवल अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए, बल्कि राष्ट्र की समग्र प्रगति के लिए भी।”
उपराष्ट्रपति ने कहा कि जिस प्रकार दीपावली पर हर घर में जलाए गए दीपक रात के अंधकार को दूर करते हैं, उसी प्रकार हमारी लगन और प्रतिबद्धता भारत के सामूहिक विकास में सहायक होनी चाहिए। उन्होंने देवी लक्ष्मी से प्रार्थना की कि वह सभी पर शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद बरसाएं।



