जैसलमेर में चलती बस में लगी आग,10-12 की मौत की आशंका

राजस्थान के जैसलमेर में एक चलती बस में भीषण आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों सहित 16 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, और 10 से 12 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जोधपुर रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है।
राजस्थान के जैसलमेर में भयानक सड़क हादसा हुआ है, जहां एक चलती बस में भीषण आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। बस में आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और इस हादसे में तीन बच्चों समेत 16 यात्रियों के गंभर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है।
फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पा लिया गया है. सेना ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए यात्रियों को बस से निकालने में मदद की. बस को बाद में आर्मी के कब्जे में लेकर आर्मी हॉस्पिटल ले जाया गया. हादसे में घायल यात्रियों को 3 एंबुलेंसों की मदद से जवाहिर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. अब तक 15 घायलों को वहां भर्ती किया गया है, जिनमें से 9 को हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर किया गया है. वही 12 लोगों के मौत की आशंका जताई जा रही है.
पुलिस के अनुसार, बस में कुल 57 यात्री सवार थे. आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी. आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मदद के लिए दौड़े. हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा.
इस दर्दनाक हादसे के बाद फायर ऑफिसर ने जानकारी दी है कि इस घटना में 10 से 12 लोगों की मौत की आशंका है। इस घटना में यात्रियों के चेहरे और हाथ-पैर बुरी तरह झुलस गए। कई यात्रियों की हालत नाजुक बताई जा रही है।



