Latest News

सुप्रीम कोर्ट में वकील ने की अशोभनीय हरकत, CJI की ओर फेंका जूता; सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते रोका

नई दिल्ली : नई दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस बी. आर. गवई की ओर जूता फेंकने की कोशिश की। घटना उस वक्त हुई जब CJI की अध्यक्षता वाली पीठ वकीलों के मेंशन मामलों की सुनवाई कर रही थी।

आरोपी वकील की पहचान राकेश किशोर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वह अचानक जज के डाइस के पास पहुंचा और नारेबाजी करते हुए जूता निकालकर फेंकने की कोशिश की। हालांकि, कोर्ट परिसर में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे समय रहते रोक लिया और हिरासत में ले लिया।

घटना के बाद भी आरोपी वकील लगातार “सनातन का अपमान नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगा रहा था। सुरक्षाकर्मी जब उसे बाहर ले जा रहे थे, तब भी वह इसी तरह की बात दोहराता रहा।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नई दिल्ली जिले के डीसीपी और सुप्रीम कोर्ट के डीसीपी स्वयं मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आरोपी से फिलहाल पूछताछ की जा रही है ताकि उसके इस व्यवहार के पीछे की मंशा और मानसिक स्थिति स्पष्ट हो सके।

सुप्रीम कोर्ट जैसे संवेदनशील और गरिमामय स्थान पर हुई इस तरह की घटना ने न्यायिक मर्यादा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। कोर्ट प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के संकेत दिए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button